संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/सलेमपुर। जिले के सलेमपुर और मझौलीराज क्षेत्र जल्द ही पूर्वांचल के एक प्रमुख ट्रैफिक जंक्शन में तब्दील हो रहा हैं। यहां गोरखपुर, बलिया, कुशीनगर और बिहार को जोड़ने वाले तीन फोरलेन सड़कों का मिलान किया जा रहा है।
मझौली राज नगर पंचायत के बड़वा टोला गांव के समीप इस जंक्शन का निर्माण हो रहा है, जिससे न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि बार-बार लगने वाले जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी।
इन तीन फोरलेन परियोजनाओं पर कुल मिलाकर करीब 3000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आंकी गई है। इसमें नवलपुर-सिकंदरपुर नेशनल हाईवे, सलेमपुर-गोरखपुर हाईवे तथा तमकुहीराज-सलेमपुर फोरलेन शामिल हैं। इन सड़कों के जुड़ने से वाराणसी, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और बिहार के जिलों जैसे गोपालगंज व सीवान से देवरिया, गोरखपुर और बलिया की यात्रा आसान और तेज हो जाएगी।
नवलपुर- सिकंदरपुर नेशनल हाईवे के लिए करीब 2061 करोड़ खर्च किए जा रहें हैं। इस मार्ग को सलेमपुर-गोरखपुर नेशनल हाईवे में जोड़ने के लिए सलेमपुर बाईपास का निर्माण हो रहा है। जो महदहा, बरसीपार, प्यासी, मझौली राज होते हुए नवलपुर के समीप बन रहें नेशनल हाईवे को जोड़ेगा।
नवलपुर से बलिया जिले के बेल्थरारोड तहसील के उभांव तक इसे फोरलेन और उसके बाद सिकंदरपुर तक टू लेन पेव्ड शोल्डर बनाने का प्रस्ताव है। इसे 10 मीटर चौड़ा किया जाएगा। भागलपुर में और करमौता-पंदह बाई पास भी बनाया जाएगा। जिसकी चौड़ाई करीब 45 मीटर होगी। वहीं तुर्तीपार पुल को भी फोर लेन करने का प्रस्ताव है। यानी यह पुल भी दो लेन चौड़ी की जाएगी। जबकि उभांव और धानी ढाला पर आरओबी (रेल ओवर ब्रिज) भी बनाया जाएगा। इसी प्रकार तमकुहीराज को सलेमपुर से जोड़ने के फोरलेन का निर्माण होगा।
परियोजना के पूरा होने के बाद तमकुहीराज से वाराणसी तक की यात्रा में काफी सहूलियत होगी। सलेमपुर से बिहार के भोरे होकर कुशीनगर के तमुकहीराज सीधे जा सकेंगे। इससे जनपद के पूर्वी क्षेत्र का विकास होगा। इस पर 700 करोड़ रुपये खर्च होंगे।