खाद्य सुरक्षा टीम ने पैक दूध के लिए दो नमूने
देवरिया। जनपद में मिठाई व खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शनिवार को तीन दुकानों का निरीक्षण किया। साथ ही पैकेट बंद दूध के दो नमूने लिए, जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा।
जनपद में पैकेट बंद दूध का प्रयोग करते हैं। साथ ही मिठाई बनाने में भी प्रयुक्त होता है। डीएम आशुतोष निरंजन के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवेंद्र के नेतृत्व में टीम पुरवा चौराहा पर पहुंची, जहां खड़े मदर डेयरी के वाहन से दो नमूने लिए गए, जो सेमीटोंड और फुल क्रीम दूध के हैं। इसके अलावा टीम ने तीन दुकानों का निरीक्षण किया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजीत त्रिपाठी, रंजन श्रीवास्तव, सुभेष कुमार शामिल रहे। अभिहित अधिकारी रमेश चंद्र पांडेय ने कहा कि पैकेट बंद दूध के दो नमूने लिए गए हैं, उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रविवार को त्योहार के दौरान भी मिठाई की दुकानों का निरीक्षण खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। कहा कि ताजी एवं रंगहीन मिठाइयों का ही प्रयोग करें। अत्यधिक चटकीली एवं रंगीन मिठाइयों का प्रयोग ना करें।