भटनी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते यात्री। संवाद
देवरिया/भटनी। उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे से ट्रेनों और बसों की रफ्तार थम गई है। शुक्रवार को गोरखपुर-सिवान और वाराणसी रूट की 12 ट्रेनें घंटों विलंब से देवरिया सदर और भटनी जंक्शन रेलवे स्टेशन पर पहुंची।
ट्रेनों के लेटलतीफी से पूरे दिन प्लेटफॉर्म पर यात्री परेशान रहे। वहीं लगातार दूसरे दिन भी बिहार के सीतामढ़ी से आनंद विहार जाने वाली लिच्छवी एक्सप्रेस को डायवर्ट कर छपरा से वाराणसी के रास्ते चलाया गया।
उत्तर भारत में इन दिनों ठंड के साथ कोहरा पड़ रहा है। मौसम खराब होने से इसका असर ट्रेनों पर भी पड़ा है। इस वजह से सुबह की ट्रेनें दोपहर और दोपहर की शाम व रात में पहुंच रही हैं।
शुक्रवार को गोरखपुर-सिवान और वाराणसी रूट ललितग्राम-नई दिल्ली वैशाली एक्सप्रेस दो घंटे, बरौनी-नई दिल्ली क्लोन एक्सप्रेस चार घंटे, अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस दो घंटे, हावड़ा-काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस चार घंटे, दरभंगा-नई दिल्ली एक्सप्रेस आठ घंटे, कामाख्या-उदयपुर सिटी एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे, आनंद विहार-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस पांच घंटे, काठगोदाम-हावड़ा बाघ एक्सप्रेस दो घंटे, गोमतीनगर-बैगलेरु स्पेशल 12 घंटे, लालगढ़-डिब्रूगढ़ अवध असम एक्सप्रेस दो घंटे, अमृतसर-कटिहार आम्रपाली एक्सप्रेस दो घंटे, मुंबई-गोरखपुर काशी एक्सप्रेस एक घंटे, संभलपुर-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस दो घंटे की विलंब से देवरिया सदर व भटनी जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंची।
ट्रेनों की लेटलतीफी से कड़ाके की ठंड में दोनों रेलवे स्टेशनों पर यात्री ठंड से ठिठुर कर ट्रेन की प्रतीक्षा करते नजर आए।