देवरिया। सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी के खिलाफ फेसबुक और इंस्टाग्राम पर कथित रूप से भ्रामक और असत्य पोस्ट प्रसारित करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने दो भाइयों पर प्राथमिकी दर्ज की है। भटवलिया निवासी अभिजित त्रिपाठी की शिकायत पर एक अक्तूबर की रात 10:50 बजे प्राथमिकी दर्ज हुई। इसमें बांस देवरिया निवासी दीपांशु यादव और विकास यादव को नामजद किया गया है।
शिकायतकर्ता अभिजित त्रिपाठी ने आरोप लगाया है कि फेसबुक और इंस्टाग्राम पर प्रोफेसर कम नाम की आईडी से सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी के खिलाफ लगातार भ्रामक पोस्ट और वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं। उनका आरोप है कि यह आईडी दीपांशु यादव और विकास यादव संचालित करते हैं। शिकायत में छात्राओं के बेहोश होने से जुड़े एक कार्यक्रम, विधायक निधि से हुए कार्यों और आंधी-तूफान के दौरान विधायक की मौजूदगी को लेकर सोशल मीडिया पर गलत दावे करने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इन पोस्ट के जरिए विधायक की छवि धूमिल करने और क्षेत्र में राजनीतिक विद्वेष व अशांति फैलाने की कोशिश की गई है। शिकायत के साथ सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट और लिंक भी पुलिस को दिए गए हैं। कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर निरीक्षक रामव्यास सिंह को जांच सौंपी है। इंस्पेक्टर कोतवाली शशिभूषण राय ने बताया कि जांच चल रही है। आगे जो भी तथ्य सामने आएंगेश्उ नके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।