देवरिया। ओपन स्टेट आमंत्रण सीनियर पुरुष टी 20 क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले सोमवार को खेले गए। पहले मैच में कुशीनगर ने देवरिया क्रिकेट एसोसिएशन को तीन विकेट से व दूसरे मैच में देवरिया छात्रावास ने कानपुर छात्रावास को 8 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
रविंद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार को सुबह में पहला सेमीफाइनल मैच कुशीनगर और देवरिया क्रिकेट एसोसिएशन के बीच खेला गया। कुशीनगर ने टाॅस देवरिया को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। देवरिया क्रिकेट एसोसिएशन की टीम 20 ओवरों में 118 रनों पर ऑलआउट हो गई। अंश कुमार राव 27, देवांश शुक्ला 21, सूर्यांश यादव 17, विकास तिवारी 14 तथा शेखर साहनी ने 10 रन का योगदान दिया।
कुशीनगर की तरफ से गेंदबाजी करते हुए सत्य प्रकाश तिवारी ने तीन, अमित शर्मा ने दो, तथा राम प्रकाश, शुभम चौधरी, राहुल यादव एवं समीर अंसारी ने एक-एक विकेट लिया। 119 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कुशीनगर की टीम ने 18 वें ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य को प्राप्त कर लिया।
कुशीनगर की तरफ से जयदीप सिंह ने 53, राहुल यादव ने 14 तथा समीर अंसारी ने 12 रन का योगदान दिया। देवरिया की तरफ से गेंदबाजी करते हुए आशीष चौहान ने तीन तथा अमर्त्य कुमार ने दो विकेट प्राप्त किया। मैच में शानदार गेंदबाजी करने वाले कुशीनगर के सत्य प्रकाश तिवारी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा सेमीफाइनल मैच देवरिया छात्रावास और कानपुर छात्रावास के बीच खेला गया। देवरिया छात्रावास के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए देवरिया छ़ात्रावास की टीम 18.3 ओवर में 122 रनो पर ऑल आउट हो गई। जिसमें संदीप यादव ने 24, प्रांजल रावत ने 23, अश्मित पटेल ने 14 तथा ओम तिवारी ने 13 रन का योगदान दिया।
कानपुर की तरफ से गेंदबाजी करते हुए करन यादव ने तीन तथा मयंक पाल, निहाल ओझा एवं अमन यादव ने क्रमशः दो- दो विकेट प्राप्त किया। 123 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर की टीम ने 19.1 वें ओवर में 114 रन पर ऑल आउट हो गई। जिसमें दिव्यांश गुप्ता ने 30, तरुण समाधिया ने 19 तथा साजिद ने 13 रन का योगदान दिया।
देवरिया छात्रावास की तरफ से गेंदबाजी करते हुए अनूप यादव ने तीन, आकाश गुप्ता दो, अश्मित पटेल एवं उत्कर्ष दुबे ने एक-एक विकेट प्राप्त किया। मैच में शानदार गेंदबाजी करने वाले देवरिया छात्रावास के अनूप यादव को मैन ऑफ द मैच की ट्राफी प्रदान की गई।