तरकुलवा। संदिग्ध हालात में चालक का शव कमरे में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज देवरिया भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन चालक का शव घर ले गए।
बिहार के वैशाली जिले के जैतपुरा गांव निवासी शिव ठाकुर (55) पुत्र बीगू ठाकुर क्षेत्र के पथरदेवा कस्बे में 20 सालों से रहकर व्यापारी अशोक जायसवाल के वहां चालक का काम करते थे। वह दो दिन पूर्व मालिक के परिजनों के साथ महाकुंभ स्नान करने गए थे। वहां से लौट कर आने के बाद रविवार शाम खाना खाकर अपने कमरे में सोने चले गए।
सुबह जब व्यापारी की पत्नी चालक को जगाने गई तो संदिग्ध हालात में बिस्तर पर ही उनकी मौत हो गई थी। सूचना के बाद मृत चालक के परिजन मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर चालक का शव परिजन को सौंप दिया। थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि चालक की मौत हुई थी। परिजनों की तरफ से कोई आरोप मालिक पर नहीं लगाया गया है।