दीपावली पर विविध प्रकार के कपड़ों से सजी दुकान
देवरिया। दिवाली की तैयारियों के बीच शहर के कपड़ा बाजार में रौनक बढ़ गई है। मालवीय रोड, सिविल लाइंस, हनुमान मंदिर रोड और राघव नगर की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है।
हालांकि, इस बार त्योहारी बाजार में फैशन का नया ट्रेंड देखने को मिल रहा है। पिछले वर्ष के अपेक्षा कपड़ों के दाम में 10 से 20 प्रतिशत तक इजाफा हुआ है।
आमतौर पर दिवाली के आसपास ऊनी कपड़ों की मांग बढ़ने लगती थी मगर इस बार सूती और हल्के परिधानों ने ऊनी कपड़ों को पीछे छोड़ दिया है। दिवाली और मौसम में अपेक्षित ठंड नहीं पड़ने के कारण ग्राहक स्वेटर, शॉल और जैकेट के बजाय सूती साड़ी, कुर्ता-पायजामा, लिनन शर्ट और हल्के सूट पसंद कर रहे हैं। अक्तूबर के अंत तक भी मौसम में वैसी ठंड नहीं पड़ी, जैसी पिछले वर्षों में देखने को मिलती थी। इसका सीधा असर कपड़ों की खरीदारी पर पड़ा है। ऊनी कपड़ों की बिक्री अपेक्षाकृत सुस्त है, जबकि सूती परिधानों की मांग लगातार बढ़ रही है। शहर के प्रमुख बाजारों में पंजाब के लुधियाना और पश्चिम बंगाल के हावड़ा परिधान ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं।
महिलाओं में लाल, हरे, पीले और गुलाबी रंग की साड़ियों के साथ कॉटन अनारकली और कुर्ता सेट की मांग है। पुरुषों में हल्के प्रिंट वाले कुर्ता-पायजामा पसंद किए जा रहे हैं। बच्चों के लिए भी सूती फ्रॉक और आरामदायक परिधानों की खरीदारी हो रही है।