भटनी। कोचिंग से घर लौट रही छात्रा के साथ पटीदारों ने मारपीट की। दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद चल रहा है। पुलिस ने रविवार को इस मामले में पांच लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, मारपीट की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, भटनी थाना क्षेत्र के पड़ौली गांव निवासी वैदेही दूबे और गुड़िया दूबे के परिवार के बीच विवाद चल रहा है। एक परिवार की हाईस्कूल में पढ़ने वाली लड़की कोचिंग से घर लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में घेरकर पटीदारों ने पिटाई कर दी। इसके बाद दोनों परिवार के बीच मारपीट हो गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों पक्षों से वैदेही और गुड़िया समेत पांच लोगों पर मारपीट व अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार गुप्त ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। संवाद