रामपुर कारखाना। देसही देवरिया विद्युत उपकेंद्र के स्विच यार्ड में आई तकनीकी खराबी के चलते रविवार को देसही देवरिया और पांडेय चक उपकेंद्रों से बिजली आपूर्ति दिनभर ठप रही।
सुबह 33 केवी मेन लाइन में आई गड़बड़ी के कारण आपूर्ति बंद करनी पड़ी। सूचना मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया। पांडेय चक के अवर अभियंता अखिलेश गुप्ता के नेतृत्व में करीब आधा दर्जन लाइनमैन पूरे दिन दुरुस्ती में जुटे रहे।
दिनभर बिजली बाधित रहने से लगभग 25 हजार उपभोक्ताओं की दिनचर्या प्रभावित रही। कड़ी मशक्कत के बाद तकनीकी खराबी को दूर कर लिया गया, जिसके बाद सायं करीब 4 बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई।