संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। बेटी के हाथ पीले करने का सपना संजोए 58 वर्षीय मजदूर की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। सोमवार की भोर में खेत की तरफ शौच करने गए मजदूर का पैर फिसल गया और वह मुंह के बल पानी में गिर पड़े थे।
काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन ने तलाश की तो खेत में उनका शव मिला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। खजुरी करौता गांव निवासी भुटेली प्रसाद मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
सोमवार सुबह सोकर उठने के बाद वह शौच के लिए खेत की तरफ गए थे। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजन खोजते हुए वहां पहुंचे। उन्हें गड्ढे में मुंह के बल गिरा देखकर आनन-फानन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
बेटे मुन्ना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। शाम को शव घर पहुंचते ही पत्नी लालती देवी, बेटी सरोज और अन्य परिजन बिलख पड़े। भुटेली छह संतानों के पिता थे। सबसे छोटी बेटी सरोज की शादी के लिए वह कई जगह रिश्ते देख रहे थे। मजदूरी से कमाई का एक-एक पैसा जोड़कर शादी की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उनकी मौत से बेटी की शादी का सपना अधूरा रह गया। परिवार के सामने अब आजीविका का संकट भी खड़ा हो गया है
इंस्पेक्टर बीबी राजभर ने बताया कि पानी में डूबने से मौत हुई है। सीओ सलेमपुर गौरव सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप सौंप दिया गया है। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।