खुखुंदू। थाना क्षेत्र के बरवां उपाध्याय गांव में अधेड़ की पीटकर की गई हत्या में तीसरे दिन भी अभी शव की अंत्येष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस प्रशासन अंत्येष्टि के लिए दिनभर मान-मनौव्वल करता रहा। हालांकि परिजन तैयार नहीं हुए। जबकि पुलिस ने शुक्रवार को ही पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया था।
एक तरफ परिजन बेटे सचिन के आने पर तो दूसरी तरफ हत्यारोपियों की गिरफ्तारी होने और आर्थिक सहयोग मिलने के बाद अंत्येष्टि की बात कर रहे है। उधर, पुलिस पांच और लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जबकि तीन नामजद समेत कई अन्य फरार चल रहे है। खुखुंदू थाना क्षेत्र के बरवां उपाध्याय गांव में बृहस्पतिवार की रात तेज बाइक चलाने की बात पर हुए विवाद में दिनेश गुप्ता (50) की पीटकर हत्या कर दी गई। जबकि गांव निवासी तारकेश्वर गुप्ता (40), राजू गुप्ता, राजन कुशवाहा, अभिषेक गुप्ता, राहुल गुप्ता, जयप्रकाश और विशाल को बीच बचाव करने पर बुरी तरह से मारपीट कर घायल कर दिया गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज देवरिया भिजवाया। जहां डाक्टर ने दिनेश गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। तारकेश्वर गुप्ता की हालत नाजुक देख बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर और फिर वहां से डाक्टर ने पीजाई लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। तारकेश्वर गुप्ता का शनिवार को ब्रेन का आपरेशन हुआ है। वह अभी कोमा में हैं। जबकि अन्य घायलों का मेडिकल कॉलेज देवरिया में ही इलाज कराया गया।
घटना से आक्रोषित ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ से लेकर साढ़े नौ बजे तक देवरिया-सलेमपुर फोरलेन मार्ग जाम कर दिया था। ग्रामीणों की मांग थी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की जाए।
पुलिस ने तत्काल मृतक के छोटे भाई महेश गुप्ता की तहरीर पर गांव के राम गणेश यादव, मनीष यादव, मुकेश यादव,विनय यादव और विशाल यादव समेत एक अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज कर राम गणेश यादव और मनीष को हिरासत में ले लिया। अब परिजनों और ग्रामीणों ने घटना में करीब 20 से 25 और लोगों के शामिल होने की बात बताई है। पुलिस ने केस में अज्ञात 20-25 लोगों का नाम बढ़ा दिया है।
दिनेश की पत्नी आशा देवी का कहना है कि जब तक सारे आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी तब तक अंत्येष्टि नहीं की जाएगी। वैसे पुलिस प्रशासन शनिवार को दिनभर शव की अंत्येष्टि के लिए परिजनों का मान-मनौव्वल करता रहा। उधर, सुरक्षा के दृष्टिगत गांव में एएसपी दक्षिणी सुनील कुमार सिंह, सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला और छह थानों के थानेदार और पुलिस फोर्स गांव में चप्पे-चप्पे पर तैनात है। एसओ दिग्विजय सिंह ने बताया कि दो हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के बाद पांच और लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। केस में 20-25 अज्ञात का नाम बढ़ा दिया गया है।