सलेमपुर। सोमवार को नवलपुर फीडर ब्लास्ट होने से सलेमपुर सब स्टेशन में आग लग गई थी। इससे नगर पंचायत के सभी वार्डों समेत करीब सौ गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।
काफी प्रयास के बाद कर्मचारियों ने नगर पंचायत के तहसील, बीएसएनल को सोमवार की देर रात बिजली आपूर्ति बहाल कर दिया, लेकिन नवलपुर, हरैया और सुगही फीडर अभी तक ठीक नहीं हो सके हैं। पिछले 30 घंटे से अधिक समय से बिजली गुल रहने के कारण चार वार्डों समेत सौ गांवों के उपभोक्ताओं में हाहाकार मचा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार की दोपहर करीब दो बजे नवलपुर फीडर की ट्रॉली में अचानक ब्लास्ट हो गया। इससे चिंगारी निकलकर सब स्टेशन में फैल गई और आग लग गई। आग की चपेट में आने से हरैया और सुगही फीडर से जुड़े कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए। इसके चलते पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
हादसे के बाद बिजली निगम के कर्मचारी और अधिकारी मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य में जुट गए, लेकिन देर शाम तक चार वार्ड समेत सौ गांवों की आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। निगम का कहना है कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के अधिक क्षतिग्रस्त होने के कारण मरम्मत में समय लग रहा है।
उधर, लगातार 30 घंटे से बिजली न होने के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। शहरी वार्डों में पानी की सप्लाई ठप हो गई है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट गहरा गया है।
लोगों को टंकी का पानी भरने और जरूरी सुविधाएं चलाने के लिए मजबूरी में जनरेटर का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे अतिरिक्त खर्च बढ़ गया है।
उपभोक्ताओं में बिजली निगम के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था कर बिजली आपूर्ति बहाल की जाए। बिजली निगम के जेई उमेश कुमार ने बताया कि मरम्मत का काम लगातार चल रहा है। जल्द ही आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।