भाटपार रानी। नगर के वार्ड नंबर 10 आर्य चौक मोहल्ले में 60 वर्षीय किरायेदार का शव कमरे में संदिग्ध हालात में मिला।
बताया जा रहा है कि वह कमरा क्षतिग्रस्त है और उसमें कोई रहता नहीं है। रविवार की दोपहर में हुई इस घटना से मोहल्ले में सनसनी फैल गई।
बनकटा थाना के ग्राम छेरिहा निवासी विद्यानंद भाटपार रानी नगर के आर्य चौक वार्ड नंबर 10 में बच्चों की पढ़ाई के लिए किराये पर कमरा लेकर फूलचंद मद्धेशिया के मकान में ऊपर प्रथम तल पर रहते थे।
रविवार को अचानक वह गायब हुए तो घरवाले तलाश करने लगे। काफी देर तक तलाश के बाद उनका शव मकान के निचले भाग में एक खंडहरनुमा कमरे के अंदर संदिग्ध हालात में मिला। शोर करने पर आसपास के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विद्यानंद की चार पुत्रियां रानी (25), पलक (22), प्रीति (20), आकृति (17) और एक पुत्र कृष्णा (14) का है। रानी की शादी हो गई है। विद्यानंद पांच माह पहले ही विदेश से लौटे थे। पत्नी विद्यावती देवी रोते-रोते बार-बार बेहोश हो जा रही थी।