फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: लोहे की रॉड से हमलाकर चालक को किया जख्मी, नाराज रोडवेज कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

Sat, 17 Jan 2026 11:54 PM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
बस स्टैंड में हड़ताली रोडवेज कर्मियों से बात करते सीओ सदर संजय रेड्डी व कोतवाल विनोद कुमार सिंह
विज्ञापन
देवरिया। रोडवेज बस स्टेशन परिसर में शनिवार की सुबह सवारी भरने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने रोडवेज चालक पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके विरोध में आक्रोशित चालकों और परिचालक प्रदर्शन करने लगे। इससे करीब एक घंटे तक रोडवेज बसों का संचालन पूरी तरह ठप रहा और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रोडवेज कर्मियों की बात सुनी और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद बसों का संचालन शुरू हो सका।
विज्ञापन


देवरिया से गोरखपुर रूट पर चलने वाली परिवहन निगम की बस रोडवेज बस स्टेशन परिसर में सवारियां भर रही थीं। इसी दौरान एक अनुबंधित बस के मालिक का बेटा वहां पहुंचा और सवारी भरने को लेकर अजना गांव निवासी संविदा चालक अनूप प्रजापति से उलझ गया। कहासुनी देखते ही देखते गाली-गलौज में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर युवक अपने वाहन के पास गया और वहां से लोहे की रॉड निकालकर अनूप प्रजापति पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से अनूप लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े और बेहोश हो गए। इससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। साथी चालक और परिचालक तुरंत घायल को उठाकर महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है। घटना से गुस्साए रोडवेज कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार करते हुए हड़ताल शुरू कर दिया। सुबह करीब 10:30 बजे से 11:30 बजे तक देवरिया डिपो से कोई भी बस रवाना नहीं हुई। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। हड़ताल कर रहे कर्मचारियों ने आरोपी के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी और संबंधित अनुबंधित बस का रोडवेज से अनुबंध निलंबित करने की मांग की। सूचना मिलते ही एआरएम कपिल देव प्रसाद, क्षेत्राधिकारी सदर संजय रेड्डी और कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कर्मचारियों से वार्ता कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त की, जिसके बाद बस संचालन धीरे-धीरे सामान्य हो सका। सीओ संजय रेड्डी ने बताया कि घटना की सूचना पर मौके पर गया था, किसी पक्ष ने कोई शिकायती पत्र नहीं दिया है। शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें