संवाद न्यूज एजेंसी
लार रोड। मईल थाना क्षेत्र के बढ़या हरदो के पास हुए दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है। पुलिस ने दक्षिण ढाले के पास रह रहीं दो महिलाओं से पूछताछ की। इससे पहले बुधवार को पुलिस ने मृतक वकील यादव और विनय यादव के परिजन को पूछताछ के लिए बुलाया था।
पूछताछ के बाद वकील यादव के परिजनो को छोड़ दिया गया, जबकि विनय यादव के कुछ परिजन और उनकी पत्नी के भाई से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में हत्याकांड के पर्दाफाश लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
पुलिस पिछले एक सप्ताह से आसपास के गांवों के कई युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इसके अलावा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ के जरिये हत्या के कारणों और आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
गौरतलब है कि दशहरा मेले से लौटते समय करजहां गांव निवासी वकील यादव और इटहुरा हजाम गांव निवासी विनय यादव पर रामजानकी मार्ग पर बढ़या हरदो के पास अज्ञात हमलावरों ने चाकू से हमला कर दिया था। इस वारदात में दोनों की मौत हो गई थी। वारदात के बाद एसपी सहित कई अधिकारियों ने वारदात स्थल का निरीक्षण कर जल्द पर्दाफाश का भरोसा दिलाया था।
वारदात के 23 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस हत्याकांड का पर्दाफाश नहीं कर सकी है। हालांकि, लगातार पूछताछ और संदिग्धों पर कार्रवाई से जल्द खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी रंजना सचान ने बताया कि संदेह के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने के लिए अन्य लोगों के साथ परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।