सरांव और एकौना में बदहाल पड़ा न्यू पीएचसी।
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर/एकौना। बाढ़ से प्रभावित रुद्रपुर के इंसेफेलाइटिस जोन में डॉक्टरों की लापरवाही मरीजों पर भारी पड़ रही है। नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर (न्यू पीएचसी) तैनात डॉक्टर यहां जा नहीं रहे हैं। स्वास्थ्य केंद्र की दीवारें चिपरी पाथने के काम आ रही हैं। आसपास झाड़ियों के उगने से केंद्र की हालत बदतर हो गई है।
रुद्रपुर क्षेत्र के एकौना न्यू पीएचसी पर डॉ. गणेश गुप्ता और सरांव में डॉ. अनिरूद्ध गुप्ता को तैनात किया गया है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि डॉक्टर स्वास्थ्य केंद्र पर आ नहीं रहे हैं। सरांव के प्रधान उपेंद्र तिवारी ने कहा कि डॉक्टरों के न आने से लोगों का उपचार नहीं हो पा रहा है। लोग भटक रहे हैं। निवासी शेषनाथ यादव, रामभजन, लव तिवारी, विनोद जायसवाल, नरेंद्र शर्मा, गुड्डू शुक्ला आदि कहते हैं कि केंद्र पर आने वाले चिकित्सक अपनी संबद्धता कहीं और करा लेते हैं। इससे वे यहां आते ही नहीं। स्वास्थ्य कर्मियों के न आने से केंद्र की दीवारें जर्जर हो रहीं हैं। चारों तरफ झाड़ियां उग आई हैं।
लोगों ने कई बार स्वास्थ्य विभाग के अफसरों और जिला प्रशासन से भी शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई न हुई। स्थानीय लोगों ने डॉक्टर, स्वास्थ्य कर्मियों की तुरंत तैनाती की मांग की है। इस बाबत सीएमओ डॉ. रामनिवास ने कहा कि जिले में सभी संबद्धता रद्द कर दी गई है। आदेश का अनुपालन नहीं करने वाले चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।