डीएम ने टीकाकरण व सैंपलिंग का लिया जायजा
देवरिया। डीएम आशुतोष निरंजन ने शनिवार को एमसीएच विंग सहित पीएचसी व सीएचसी का निरीक्षण किया। इस दौरान वैक्सीनेशन एवं सैंपलिंग का जायजा लिया। रुद्रपुर, गौरी बाजार एवं बैतालपुर ब्लॉकों में नामांकन पत्रों की जांच का भी निरीक्षण किया।
एल-1 एवं एल-2 में भर्ती मरीजों से कंट्रोल रूम के माध्यम से उनके स्वास्थ्य, इलाज एवं व्यवस्था का हाल जाना। वेंटीलेटर को हर हाल में क्रियाशील करने को कहा। एसडीएम सदर सौरभ सिंह को अमीनों की ड्यूटी चक्रानुक्रम में लगाने का निर्देश दिया। कोविड अस्पताल प्रभारी डॉ. संजय चंद्र ने बताया कि चार वेंटीलेटर क्रियाशील हैं तथा 10 और वैंटीलेटर आज स्थापित व क्रियाशील किए जाने की तैयारी है।
जिलाधिकारी ने ग्राउंड फ्लोर में तैनात कोविड चिकित्सकों एवं पैरा मेडिकल स्टाफ के रहने की व्यवस्था का जायजा लिया। सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय को इसके लिए आवंटित कक्षों में सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। डीएम ने स्वास्थ्य केंद्र मझगांवा, रुद्रपुर, गौरी बाजार, बैतालपुर का निरीक्षण किया। प्रभावी तरीके से सैंपलिंग की हिदायत दी। वैक्सीनेशन में किसी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए। इसके बाद उन्होंने रुद्रपुर, गौरी बाजार एवं बैतालपुर में नामांकन पत्रों के जांच कार्यो का जायजा लिया। संबंधित आरओ/एआरओ से चल रहे कार्यो की जानकारी ली। इस दौरान सीडीओ शिवशरणप्पा जीएन, डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय चंद्र, डॉ. विजय कुमार आदि मौजूद रहे।