कॉलेज में विवाद, छात्र का सिर फोड़ा
रुद्रपुर। रामजी सहाय पीजी कॉलेज में मंगलवार को दो छात्रों के बीच जमकर विवाद हुआ। कॉलेज में वर्चस्व बनाने के लिए बीए द्धितीय वर्ष के एक छात्र ने बीए भाग तीन के सीनियर छात्र का सिर फोड़ दिया। इस बात को लेकर कॉलेज के छात्र उग्र हो गए। उन्होंने बीए भाग दो के छात्र पर कॉलेज में मनमानी करने का आरोप लगाया।
घायल छात्र का सीएचसी में इलाज हुआ। उसने आरोपी छात्र का नामांकन रद करने और पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। मछरहट्टा वार्ड के रहने वाले विशाल पांडेय बीए भाग तीन का छात्र हैं। विशाल ने बताया कि वह मंगलवार को कॉलेज में पढ़ने गए थे। कॉलेज में बीए भाग दो के छात्र सूरज वर्मा ने उनसे मोबाइल फोन मांगा। उन्होंने मोबाइल फोन देने से मना कर दिया।
इस बात को लेकर दोनो में विवाद हो गया। आरोप है कि सूरज ने विशाल के सिर पर लोहे के कड़े से वार कर दिया। घायल छात्र को सहपाठी अस्पताल ले गए। घायल छात्र ने कोतवाली में तहरीर दी है। प्राचार्य डॉ. ब्रजेश कुमार पांडेय ने कहा कि शिकायत की जांच हो रही है। अनुशासनहीनता करने वाले के खिलाफ कार्रवाई होगी। कोतवाल विजय सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।