देवरिया। पुलिस उप महानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र एस चन्नप्पा, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने मंगलवार को रुद्रपुर नगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया।
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।
अधिकारियों ने जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा एवं एहतियाती उपाय सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने लोगों से मोहर्रम पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
डीएम और एसपी ने आमजन, धर्मगुरुओं एवं ताजियादारों से बात कर मुहर्रम पर्व को प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग परंपरागत रूप से तथा शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही पर्व मनाएं।
ऐसा कोई कार्य न किया जाए, जिससे किसी व्यक्ति अथवा समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचे या कानून-व्यवस्था प्रभावित हो। डीएम ने कहा कि जनपद प्रशासन मुहर्रम पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को देने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने कहा कि मुहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि सभी नागरिक शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक एके पांडेय, क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र कुमार राय आदि उपस्थित रहे।