सड़क हादसे के मृतकों की हुई शिनाख्त
देसही देवरिया। महुआडीह थानाक्षेत्र के सेखौना चौराहा के पास बृहस्पतिवार देर रात हुए हादसे में मृत दोनों युवकों की शिनाख्त हो गई है। गंभीर रूप से घायल तीन युवकों को गोरखपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है।
थाना क्षेत्र के सेखौना चौराहा पर देर रात दो बाइक की टक्कर में पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। इसमें एक की पहचान शिवम 25 निवासी भटनी दादन, थाना महुआडीह और दूसरे की शिनाख्त यैनुल हक अंसारी 24 निवासी बेलावर दुबावर, थाना रामपुर कारखाना के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायलों में अन्नू अंसारी निवासी बोडिया, एतशाम निवासी हरैया, शेख रेहान निवासी हरैया को गोरखपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है। महुआडीह थाना के एसआई धर्मेंद्र कुमार मिश्र ने कहा कि दोनों मृतकों की पहचान हो गई है। तीनों घायलों को जिला अस्पताल से गोरखपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है।