देवरिया। जिला ट्रांसपोर्ट बार एसोसिएशन के वर्ष 2026 के चुनाव की तिथि घोषित कर दी गई है। चुनाव अधिकारी डॉ. हरीश चंद्र पति त्रिपाठी ने बताया कि एसोसिएशन का चुनाव 24 जनवरी को कराया जाएगा। चुनाव की सभी तैयारियों को लेकर अधिवक्ताओं को सूचना दे दी गई है।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्रों की बिक्री व दाखिल करने की तिथि 19 जनवरी निर्धारित की गई है। इसके बाद 22 जनवरी को नामांकन पत्रों की आपत्ति, जांच, निस्तारण तथा नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मतदान और मतगणना 24 जनवरी को होगी। मतदान सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक कराया जाएगा, जिसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
एडवाइजरी कमेटी के निर्णय के अनुसार एसोसिएशन की वार्षिक सदस्यता शुल्क 24 रुपये प्रति सदस्य निर्धारित किया गया है। वहीं चुनाव में विभिन्न पदों के लिए नामांकन शुल्क भी तय किया गया है। अध्यक्ष पद के लिए 4000 रुपये, उपाध्यक्ष के लिए 1000 रुपये, मंत्री के लिए 1500 रुपये, संयुक्त मंत्री के लिए 1000 रुपये तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए 1000 रुपये नामांकन शुल्क रखा गया है।
चुनाव अधिकारी डॉ. हरीश चंद्र पति त्रिपाठी ने सभी अधिवक्ता साथियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर समय से उपस्थित होकर चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग करें। एसोसिएशन के चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में हलचल तेज हो गई है।