बरहज। नगर के मुख्य चौक स्थित पंडित विश्वनाथ मिश्र और जगन्नाथ मल्ल के शहीद स्मारक पर बुधवार की शाम दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें अधिकारियों और नगर-क्षेत्र के लोगों ने स्मारक पर दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धांजलि देते हुए शहीदों को नमन किया।
कार्यक्रम संयोजक अनिल निषाद और सुधीर निषाद के नेतृत्व में श्रद्धांजलि सभा कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसडीएम अंगद यादव, तहसीलदार अरुण कुमार के अलावा सैकड़ों की संख्या में लोगों ने श्रद्धांजलि दिया। इस अवसर पर लोगों में तिरंगा वितरित किया गया। एसडीएम अंगद यादव ने कहा कि पूरा देश आजादी के दीवानों का ऋणी है।
इनका कर्ज कभी उतारा नहीं जा सकता है। स्थानीय वक्ताओं का कहना था कि पंडित विश्वनाथ मिश्र और जगन्नाथ मल्ल अंग्रेजों की गोली लगने के बाद भी तिरंगे झंडे को झुकने नहीं दिया था। दोनों रणबांकुरों ने झंडा फहराकर 14 अगस्त 1942 को क्षेत्र को आजाद घोषित कर दिया था। लोगों ने अधिकारियों से विगत 19 वर्षों से लगातार कार्यक्रम आयोजित कर रहे दोनों भाई अनिल निषाद और सुधीर निषाद को राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए अनुमोदन करने की मांग किया। मौके पर शहीद के परिजन श्याम बिहारी मिश्र, प्रभु नारायण सिंह, राधारमण पांडेय, अजय सिंह, अब्दुल खालिक, सत्यप्रकाश, रमाकांत राजभर, रविप्रकाश तिवारी, शंभूदयाल भारती, प्रिंस पटेल, शशिकांत तिवारी, शहाबुद्दीन आदि मौजूद रहे।