देवरिया/मदनपुर/रुद्रपुर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सुदृढ़ करने और मरीजों की मिल रहीं सुविधाओं का जायजा लेने के लिए सीएमओ ने रविवार को तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों मदनपुर, रामलक्षन और बटुलही का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकों व कर्मचारियों की मौजूदगी का हाल जाना। मदनपुर में गंदगी देख बिफर गए। स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई का निर्देश देते हुए सफाईकर्मी को फटकार भी लगाई।
सीएमओ डॉ. राजेश झा दोपहर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर पहुंचे, यहां डॉक्टर सहित सभी कर्मचारी मौजूद थे। स्वास्थ्य केंद्र में गंदगी देख सीएमओ भड़क गए और सफाईकर्मी को फटकार लगाते हुए परिसर में तत्काल साफ-सफाई का निर्देश दिए। दवा भंडारण कक्ष में वहां तैनात फार्मासिस्ट से दवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। फार्मासिस्ट को फटकार लगाते हुए स्टॉक रजिस्टर मेंटेन करने का निर्देश दिए। इसके बाद सीएमओ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामलक्षन पहुंचे, जहां उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में हुए मिट्टी कार्य के पूर्ण होने पर इंटरलाकिंग का निर्देश जिम्मेदारों को दिया।
सीएमओ ने एमओआईसी और स्टॉफ नर्स को संस्थागत प्रसव बढ़ाने का निर्देश दिया। इलाज के लिए आए अन्य मरीजों का हाल जाना और तीमारदारों से सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बटुलही पहुंचे। यहां चिकित्सक सहित सभी कर्मचारी मौजूद रहे। यहां जर्जर भवन को देख उसकी मरम्मत के लिए स्टीमेट तैयार कर भेजने का निर्देश दिया।