मेहरौनाघाट। लार के हाटा गांव की मुख्य सड़क पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। वहीं, रामजानकी मार्ग फत्तेहबाग से हाटा जाने वाली सड़क पर कई जगह गड्ढे बन गये हैं। इस पर चलने वाले राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार लोग हादसे के शिकार भी हो चुके हैं। पिछले छह साल से मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन इस समस्या का समाधान नहीं हो सका।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले छह साल से इलाके की यह दोनों प्रमुख सड़क खराब हो गई है। इसमें गड्ढे बन गये हैं। इस पर चलना हादसों को दावत देना है। सड़क की मरम्मत के लिए कई बार स्थानीय लोग क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि व विभागीय अधिकारी से मिलकर मांग भी कर चुके हैं। पर, कोई हल नहीं निकला। सड़क की हालत जस की तस बनी हुई है।
आश्वासन नहीं समाधान चाहिए
स्थानीय लोगों में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के रवैए पर आक्रोश है। उनका गुस्सा शब्दों में फूटने लगा है। इलाकाई लोग कह रहे हैं कि अब आश्वासन नहीं समस्या का समाधान चाहिए।
- गांव में जाने के लिए यही मुख्य मार्ग है। सड़क में जगह-जगह गड्ढा बन गया है। पता नहीं चल रहा है कि यहां सड़क भी थी।
दशरथ, हाटा गांव
-
- मेरे घर के सामने ही रोड पर बरसात का पानी भर जा रहा है। आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिम्मेदार मरम्मत का आश्वासन कई साल से दे रहे हैं। इस सड़क पर चलने वाले हादसों के शिकार हो रहे हैं।
राजू, हाटा
-
विभागीय अधिकारी व क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि इस समस्या के समाधान के लिए पहल नहीं कर रहे हैं। कई साल से लोग जर्जर सड़क पर चल रहे हैं। आये दिन हादसे हो रहे है, लोग चोटिल हो रहे हैं। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से जर्जर रोड को लेकर कई बार मिला, लेकिन समाधान नहीं हो पाया।
रिपुदमन सिंह, हाटा
-
गांव में आने वाली सड़क चलने लायक नहीं रह गई है। जगह-जगह गड्ढे बन चुके हैं , लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।बरसात के दिन में गड्ढों में पानी भर जा रहा है।
रामनरेश, हाटा
-