फंदे से लटका मिला किशोरी व युवक का शव
देवरिया। बरियारपुर थाना क्षेत्र के देवरिया मीर (सुकरौली) गांव में युवक और किशोरी का अलग-अलग जगहों पर फंदे से लटका शव मिला। लोगों का मानना है कि दोनों ने आत्महत्या की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बरियारपुर थाना क्षेत्र के देवरिया मीरगांव (सुकरौली) निवासी किशोरी बुधवार की रात में भोजन करने के बाद कमरे में सोने चली गई। बृहस्पतिवार की सुबह देर तक वह नहीं उठी तो परिजनों ने आवाज दी। इस पर कमरे के भीतर रोशनदान के रास्ते जब लोगों ने देखा तो उसका शव पंखे की कुंडी के सहारे लटका दिखा।
इस पर घर के लोग शोर मचाने लगे तो भीड़ जुट गई। उधर इसी गांव में दुर्गेश राजभर (27) का भी शव कमरे में पंखे की कुंडी की सहारे लटका मिला। बताया जाता है कि बुधवार की रात में ही युवक की मौत हो गई थी। सीओ सलेमपुर कपिल मुनि सिंह ने बताया कि आत्महत्या करने की जानकारी मिली है। पुलिस कारणों की तलाश में जुटी है।