जीवित्पुत्रिका व्रत के दिन सरयू नदी में डूबी किशोरी का मिला शव
बरहज। सरयू पार के परसियां देवार में जीवित्पुत्रिका व्रत के दिन दो किशोरियां डूब गई थीं। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम को 48 घंटे बाद कामयाबी हाथ लगी। जिसने जिन्न बाबा के मजार के निकट किशोरी नीलम (14) पुत्री रमाशंकर का शव बरामद किया। जबकि दूसरी किशोरी की तलाश जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव मिलने की जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया।
शुक्रवार को एसआई श्रीप्रकाश के नेतृत्व में पुलिस और एनडीआरएफ टीम नदी खंगाल रही थी। बताया जा रहा है कि किशोरियों के डूबे हुए स्थल से करीब तीन किलोमीटर पूरब जिन्न बाबा के मजार के निकट नदी में नीलम का शव बरामद हुआ। शव मिलने पर मां बियफी देवी दहाड़े मारने लगीं। जानकारी होने पर नदी तट पर गांव के लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि सोनम की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि जीवित्पुत्रिका व्रत के दिन नदी तट पर मां के साथ आईं नीलम, सोनम और पूजा नहाने के दौरान डूबने लगी थीं। लोगों ने पूजा को बचा लिया था। जबकि नीलम और सोनम गहरे पानी में समा गईं। इस संबंध में इंस्पेक्टर टीजे सिंह ने बताया कि नीलम का शव बरामद कर लिया गया है। जबकि दूसरी की तलाश कराई जा रही है।