चौराहे पर दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या
खामपार/भाटपाररानी (देवरिया)। खामपार थाना क्षेत्र के नेटुआबीर चौराहे पर शनिवार सुबह 11 बजे के करीब बाइक सवार दो बदमाशों ने युवक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद हवाई फायरिंग करते हुए बिहार की ओर भाग निकले। सूचना पर सर्किल के सभी थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। एएसपी राजेश सोनकर ने भी घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की जानकारी ली।
जानकारी के मुताबिक, खामपार थाना क्षेत्र के तातायार बुजुर्ग निवासी बैरिस्टर यादव (35) घर से 100 मीटर दूर नेटुआबीर चौराहे पर बन रहे मकान के पास पुरानी ईंटें हटाकर सफाई कर रहे थे। इसी दौरान मुंह पर गमछा बांधे बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और बैरिस्टर के पैर में गोली मार दी, जिससे वह ईंटों पर गिर पड़े। इसके बाद एक बदमाश ने उनके सिर में गोली मार दी और हवाई फायरिंग करते हुए बिहार की ओर भाग निकले।
गोली की आवाज सुनकर चौराहे के दुकानदारों के अपनी दुकान के शटर बंद कर लिए। घायल बैरिस्टर को परिजन भाटपाररानी पीएचसी ले गए, जहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां चिकित्सक ने बैरिस्टर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों को पकड़ने का प्रयास कर रही है। रुपये की लेन-देन को वारदात का कारण बताया जा रहा है।