देवरिया। प्रदेश स्तरीय समन्वयक सब जूनियर बालक एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय सीनियर महिला कबड्डी प्रतियोगिता के लिए जिला व मंडल टीम के चयन की तारीख घोषित कर दी गई है। जिला टीम का ट्रायल स्पोर्ट्स स्टेडियम में 29 सितंबर व मंडल टीम का चयन तीन अक्तूबर को गोरखपुर में होगा। संबंधित खिलाड़ियों के साथ ही जिला कबड्डी संघ के पदाधिकारियों को भी इसकी सूचना दे दी गई है।
खेल निदेशालय एवं उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के समन्वय से 11 से 13 अक्तूबर तक प्रतापगढ़ में सब जूनियर बालक स्टेट कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित होनी है। इसके लिए जिला ट्रायल स्पोर्ट्स स्टेडियम में 29 सितंबर को एवं मंडल ट्रायल तीन अक्तूबर को गोरखपुर में होगा। क्रीड़ाधिकारी राज नारायण प्रसाद ने बुधवार को बताया कि सब जूनियर बालक स्टेट कबड्डी के जिला टीम में चयन किये जाने वाले खिलाड़ियों के लिए मानक तय किये गये हैं। इसके अनुसार 31 दिसंबर 2023 को 16 वर्ष या उससे कम यानि जिनकी जन्मतिथि एक जनवरी वर्ष 2008 के बाद हो और वजन 55 किलोग्राम या उससे कम होनी चाहिए। मानक पूरा करने वाले खिलाड़ी ही चयन प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे। जिला निवासी खिलाड़ी ही इसमें प्रतिभाग करेंगे। स्कूल-कॉेलेज के प्रधानाचार्य भी इस वर्ग के खिलाड़ियों को ट्रायल में भेज सकते हैं। प्रत्येक खिलाड़ी इसमें अनिवार्य रूप से आयु के लिए हाईस्कूल का प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, नगरपालिका की ओर से जारी जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो के साथ ही उपस्थित होना है। उन्होंने बताया कि पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रदेश स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता चार से पांच अक्तूबर तक गोंडा में होगी। इसके लिए जिला टीम का 29 सितंबर को एवं मंडल टीम का चयन 30 सितंबर को होगा। चयन के दौरान महिला खिलाड़ी को आधार कार्ड प्रस्तुत करना होगा। जनपद के स्कूलों के प्रधानाचार्य इसमें सीनियर महिला कबड्डी खिलाड़ी को भेज सकते हैं।