किसानों को नकली डीएपी देने के मामले में कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपार रानी। ब्लॉक की साधन सहकारी समिति कुकुर घाटी में बुधवार को किसानों ने नकली डीएपी खाद देने का आरोप लगाया था। जिला कृषि अधिकारी के अनुसार, जांच में कुछ खाद नकली मिली है। वहीं इस मामले में खामपार पुलिस ने एआर कोआपरेटिव भाटपाररानी अभिनव सिंह की तहरीर पर सचिव अशोक यादव के खिलाफ बुधवार की देर रात धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया। सचिव को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
बुधवार को नकली डीएपी की सूचना पर एसडीएम भाटपाररानी राजपति वर्मा, जिला कृषि अधिकारी मोहम्मद मुजम्मिल तथा एआर को ऑपरेटिव भाटपाररानी अभिनव सिंह पहुंच कर मामले की छानबीन की थी। इस दौरान किसानों ने सैकड़ों बोरी डीएपी वापस कर हंगामा किया। देर शाम तक जांच करने के बाद एसडीएम भाटपाररानी के आदेश पर एआर कोआपरेटिव भाटपाररानी अभिनव सिंह की नामजद तहरीर पर खामपार पुलिस ने बुधवार की देर रात केस दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष बृजेश मिश्र ने बताया कि सचिव के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
डीएपी लौटाए किसानों को फिर से मिलेगी खाद
जिला कृषि अधिकारी मोहम्मद मुजम्मिल ने बताया कि जांच में कुछ खाद नकली पाई गई है। जिसे सचिव बाहर से खरीद कर बेच रहा था। पीसीएफ गोदाम से जो खाद लाई गई है वह सही पाई गई है। उन्होंने बताया कि जिन किसानों ने डीएपी लौटाई है उन्हें उतना डीएपी वितरित करने का आदेश एआर कोऑपरेटिव को दे दिया गया है। उन किसानों को जल्दी ही सही डीएपी वितरित कर दी जाएगी।