देवरिया में शहर से सटे रजला, सेंटर चौराहे पर बाइक सवार लोगों ने एक युवक प्राण घातक हमला कर दिया। जान बचाकर भाग रहे युवक पर आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी। दिन दहाड़े हुई इस वारदात से लोग सहम गए। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस की पूछताछ में उसने दाहिने बांह में गोली लगने की बात कहीं। लेकिन डॉक्टर ने गोली लगने से इंकार किया है। विवाद की वजह पुरानी रंजिश और चुनाव के दौरान गोलबंदी को जोड़कर देखा रहा है।
कोतवाली, रजला यादव टोला निवासी अशोक यादव रविवार की दोपहर गांव के बाहर सेंटर चौराहे पर गए थे। इसी बीच बाइक सवार दो युवक पहुंचे और बात करने लगे। तभी चार युवक और पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने अशोक यादव की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। घायल ने भागने का प्रयास किया। इसी बीच युवक फायरिंग करने लगे। जिला अस्पताल में सीओ सुशील सिंह से पूछताछ के दौरान घायल अशोक ने बताया कि गोली उसकी दाहिने बांह में लगी है।
आरोपी युवक बसडीला और खोराराम के रहने वाले हैं। अन्य युवकों को भी वह पहचानता है। जिला पंचायत चुनाव के दौरान सभी एक साथ प्रचार कर रहे थे। इमरजेंसी में तैनात डाक्टर रोहित सिंह ने बताया कि मारपीट में युवक गंभीर रुप से घायल है। गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि अशोक यादव का गांव के कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। उसके ऊपर भी केस दर्ज है। घायल पक्ष ने थाने में तहरीर नहीं दी है। जांच के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।