शव लेने पहुंची पुलिस काे लाेगाें ने खदेड़ा।
- फोटो : अमर उजाला
सलेमपुर। बेकाबू ट्रक ने दो युवकों को रौंद दिया। वहीं, हादसे के बाद ट्रक लेकर भागते वक्त चालक ने अलग-अलग जगहों पर आठ से ज्यादा लोगों को टक्कर मारकर घायल कर दिया। इसमें तीन की हालत नाजुक है। आक्रोशित लोगों ने सीएचसी पर लोगों ने पुलिस खिलाफ नारेबाजी की। शव कब्जे में लेने पहुंची पुलिस को लोगों ने खदेड़ दिया।
मझौलीराज नगर के पश्चिम मोहल्ला निवासी शारदा प्रसाद की बेटी की बारात शुक्रवार की रात आई थी। पेट्रोल पंप से बारात अगवानी के लिए निकलने की तैयारी में थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से सलेमपुर की ओर से आ रहे ट्रक ने शारदा के रिश्तेदार बिहार, गुठनी थाना के टड़वा गांव निवासी अर्जुन (25) और लार के पकड़ी टोला निवासी अनिल कुमार (27) को रौंद दिया।
दोनों ने वहीं दम तोड़ दिया। हादसे के बाद भाग रहे ट्रक चालक ने मझौलीराज के शाही चौक वृंदावन से आए कलाकार जगदीश (24), ढ़ेलउरी (55), मनीष (19), हरेन्द्र (24) को टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रक मझौलीराज तिराहे पर गोरखपुर से रोगी लेकर आ रही एंबुलेंस से भिड़ गया।
इसके बाद चालक ट्रक लेकर बलिया की ओर भागने लगा। इसी दौरान नवलपुर चौराहा पर हिछौरा लाला निवासी शिवशंकर प्रसाद (60) को भी ठोंक दिया। पुलिस ने पीछा करके ट्रक रुकवाकर चालक को गिरफ्तार कर लिया। घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे आक्रोशित लोगों ने पुलिस के विरोध में नारेबाजी करने लगे। लोगों का तेवर देख पुलिस को पीछे हटना पड़ा।
लोग मौके पर एसपी को बुलाने की मांग करने लगे। देर रात तक गांववालों के विरोध के चलते पुलिस शव कब्जे में नहीं ले सकी। बाद में मौके पर पहुंचे एसपी से ग्रामीणों ने मृतकों के परिवार को पांच लाख का मुआवजा देने की मांग की। एसपी के आश्वासन पर ग्रामीण माने और लाश पीएम के लिए भेजी जा सकी।०