देवरिया/गोरखपुर। फोरलेन पर खोराबार में शुक्रवार सुबह टैंकर से कुचलकर स्कूटर सवार दो युवकों की मौत हो गई। देवरिया के रहने वाले दोनों युवक गोरखपुर आ रहे थे। हादसे के बाद टैंकर लेकर चालक भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के घरवालों को घटना की जानकारी दी तो उनके घरों में कोहराम मच गया।
खोराबार प्रतिनिधि के अनुसार, देवरिया के खुखुंदू का रहने वाला रोशन गोरखपुर की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में ड्राइवर था। शुक्रवार की सुबह वह गोरखपुर जा रहा था। रास्ते में उसे खुखुंदू का ही रहने वाला राकेश यादव मिल गया। वह लखनऊ में रहकर पॉलीटेक्निक की पढ़ाई करता था और 10 दिन पहले ही घर आया था। उसके पिता व्यास यादव चंडीगढ़ में एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। गोरखपुर में रहने वाले पिता के दोस्त से मिलने के लिए राकेश यादव रोशन के साथ स्कूटर पर सवार हो गया।
सुबह 10 बजे के करीब दोनों खोराबार में फोरलेन बाईपास पर जंगल चंवरी, लोनिया टोले के पास पहुंचे थे। इसी बीच पीछे आए तेज रफ्तार टैंकर ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे दोनों सड़क पर जा गिरे। उन्हें रौंदते हुए टैंकर चालक भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को पीएचसी खोराबार ले गई, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जेब में मिले कागजात और मोबाइल से पहचान कर पुलिस ने दोनों युवकों के घरवालों को सूचना दी।