सलेमपुर। लोगों का रकम लेकर चिट फंड कंपनियों के भागने का सिलसिला जारी है। बेलकास्ट मल्टी प्रोजेक्ट लिमिटेड ने इलाके के सैकड़ों लोगों का लाखों रुपये लेकर भाग गई। कोतवाली पुलिस इस मामले में मझौलीराज के पूर्व चेयरमैन समेत तीन लोगों पर केस दर्ज किया है। इसके पहले भी पूर्व चेयरमैन पर इस मामले में कार्रवाई हो चुकी है।
नगर के सोनबरसा चौराहे पर बेलकास्ट मल्टी प्रोजेक्ट लिमिटेड के नाम से चिट फंड कंपनी चलती थी। इसमें मझौलीराज नगर के पूर्व चेयरमैन सुशील कुशवाहा भी काम करते थे। बरहज थाना के मौना गढ़वा गांव निवासी सेहरा देवी का आरोप है कि कंपनी के वर्करों ने दो साल में दोगुना और 15 साल में दस गुना रकम होने की बात कह एक लाख रुपये जमा कराए।
रकम जमा करने के दो साल बाद कंपनी बंद हो गई और वर्कर भाग गए। ठगी की शिकार हुई महिला पूर्व चेयरमैन के पास कई बार गई। उसने उसे छह माह तक टरकाया। बाद में महिला ने कोतवाली पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की।
कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने पूर्व चेयरमैन सुशील कुशवाहा, भेड़िया निवासी वीरेंद्र कुशवाहा और चांदपलिया निवासी रामभरत पर बुधवार को धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया। इसी कंपनी के ठगी के मामले में इसके पहले भी दो बार पूर्व चेयरमैन पर केस दर्ज हो चुका है। कोतवाल रफीक अहमद ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।