भाटपाररानी में पकड़े गए तीन लुटेरे। एसपी ने प्रेसवार्ता में जानकारी दी।
- फोटो : अनूप तिवारी
देवरिया। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने लूट की बाइक के साथ तीन युवकों को पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से एक तमंचा, दो कारतूस और लूट के छह मोबाइल बरामद हुए। पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिए गए।
पुलिस कार्यालय में शनिवार को घटना का पर्दाफाश करते हुए एसपी मोहम्मद इमरान ने बताया कि भाटपाररानी के बीआरडी रोड के धनंजय विश्वकर्मा और आनंद शर्मा, खामपार थाना क्षेत्र के जावाडीह के अपने मित्र मुलायम प्रजापति के साथ 18 सितंबर को एक व्यक्ति की बाइक लूट ली थी। एसपी ने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया था और एएसपी नरेंद्र सिंह की अगुवाई में तीन टीम बनाकर घटना के पर्दाफाश का निर्देश दिया।
30 सितंबर को बंगरा बाजार जाते समय तीनों टीम पकड़ी चौराहे पर मिल गई। भाटपाररानी ढाला के उत्तर डिग्री कॉलेज मोड़ पर वाहन चेकिंग शुरू की गई। एक बाइक से तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर वे हड़बड़ा कर भागने के दौरान गिर गए। पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया। बिना नंबर की बाइक के बारे में पूछने पर तीनों एक-दूसरे का मुंह देखने लगे।
बाइक के इंजन और चेचिस नंबर का मिलान कराया गया तो खामपार में दर्ज लूट के मुकदमे का पाया गया। उनके पास से एक तमंचा, दो कारतूस और लूट के छह मोबाइल बरामद हुए। तीनों ने बताया कि 13 सितंबर की रात आठ बजे गोपालगंज के भोरे रोड पर स्थित सिसई गांव के पास एक युवक को घायल कर मोबाइल लूटे थे।
पुलिस अधीक्षक मोहम्मद इमरान ने घटना का पर्दाफाश करने वाली टीम को दो हजार रुपये का इनाम दिया है। एसओ खामपार अजय ओझा, सर्विलांस सेल के प्रभारी एसआई राहुल सिंह और सीआई यूनिट के प्रभारी अनिल यादव टीम में शामिल रहे। इनमें से एक लुटेरा धनंजय विश्वकर्मा एक स्कूल का वाहन चालक है। कुछ दिन पूर्व वह एक सीओ का वाहन भी चला चुका है। उस दौरान सीओ के चालक छुट्टी पर थे।