सदर कोतवाली के सोनूघाट चौराहे स्थित बैंक कर्मचारी के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया और हर कमरे का ताला तोड़कर जेवर और कीमती सामान चुुरा लिया।
शनिवार की दोपहर घर पहुंचे बैंक कर्मचारी को घटना की जानकारी हुई। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने जांच की।
सोनूघाट के रहने वाले राकेश कुमार भास्कर मुरादाबाद में एक बैंक में कर्मचारी हैं। सलेमपुर रोड पर उन्होंने मकान बनवाया है।
एक महीना पहले उनका पूरा परिवार मुरादाबाद जाकर रहने लगा। घर के बाहर के दो कमरों को उन्होंने गांव के ही सदर ब्लॉक से प्रमुख पद का चुनाव लड़ अमित कुमार को किराए पर दिया था।
शनिवार की दोपहर राकेश घर पहुंचे तो देखा की मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। अंदर गए तो सभी कमरों का ताला टूटा था।
कमरों में बाक्स और अटैची में रखे जेवरात को चोर चुरा ले गए थे।
राकेश का कहना है कि उन्होंने तत्काल अमित को फोन से घटना की जानकारी दी तो उसने बताया कि वह 14 जनवरी से लखनऊ गए हुए थे। शुक्रवार को आए हैं। चुनाव की व्यस्तता के चलते मकान पर नहीं जा सके।
राकेश का कहना है कि माता, पत्नी और उनका सारा गहना चोरी हो गया है। इसकी कीमत छह लाख रुपये से अधिक है। उन्होंने कोतवाली पुलिस को चोरी की तहरीर को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। दीवार और दरवाजे पर चोरों के हाथ और पैर के निशान मिले हैं।
सदर कोतवाल गोपाल त्रिपाठी का कहना है कि सूचना मिलने पर मौके पर जाकर जांच की गई है। पीड़ित ने तहरीर दी है। केस दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।