चौकीदार के बेटे ने युवती की आबरू लूट ली।
- फोटो : Demo
देवरिया में पुलिस के लिए प्रथम सूचना देने का काम करने वाले चौकीदार के बेटे ने युवती की आबरू लूट ली। मामला वर्दीधारियों के बीच का था। ऐसे में पुलिस ने पहले पंचायत से मामले को निपटाने की कोशिश की। लेकिन बात नहीं बनी। परिवार के लोग कोतवाली में तहरीर लेकर अड़े रहे। नतीजतन कोतवाली पुलिस ने लड़की को महिला थाने भेज दिया। इंसाफ के लिए युवती दर दर की ठोकर खाने को मजबूर है। जिम्मेदार मामले को मैनेज करने में लगे हैं।
कोतवाली थानाक्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती मंगलवार शाम को चौराहे की तरफ गई थी। कुछ देर बाद युवती के घर लौट रही थी। रास्ते में अंधेरा हो चुका था। आरोप है कि गांव के चौकीदार का बेटा घात लगाकर रास्ते में बैठा था। युवती को अकेला पाकर उसने मनमानी की। आरोपी लड़की को धमकी देते हुए फरार हो गया। पीड़िता घर पहुंची और परिवार वालों को मामले की जानकारी दी। गांव के लोगों ने दोनों पक्ष पर समझौता के लिए दबाव बनाया लेकिन बात नहीं बनी। मंगलवार की शाम पीड़ित युवती परिवार वालों के साथ कोतवाली पहुंची और दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी। जांच की बात कह कर पुलिस ने युवती को पूछताछ के लिए कोतवाली से महिला थाने भेज दिया गया। बुधवार को भी पुलिस ने युवती के मेडिकल नहीं कराया। घरवालों का आरोप है कि पुलिस केस दर्ज करने परहेज कर रही है। आरोपी चौकीदार का बेटा है। ऐसे में पुलिस आरोपी को बचा रही है। कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कहीं है।