सलेमपुर। अलाव ताप रहे चार लोगों को अनियंत्रित बोलेरो ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल चारों लोगों का इलाज गोरखपुर के निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बोलेरो को कब्जे में ले लिया है।
खामपार थानाक्षेत्र के कटहरिया गांव निवासी राजाराम यादव, मीना देवी, देवम, लड्डू ठंड से राहत के लिए शुक्रवार की शाम अलाव ताप रहे थे। उधर से गुजर रही बोलेरो ने टक्कर मार दी, जिससे चारों घायल हो गए।
आनन-फानन में उसी बोलेरो से लेकर लोग घायलों को मैरवा के एक निजी अस्पताल पहुंचे। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने देवरिया ले जाने की सलाह दी। उसी वाहन से लेकर चालक घायलों को जिला अस्पताल जा रहा था।
सलेमपुर कोतवाली के समीप बोलेरो पहुंचा तो घायलों ने वाहन को रोक लिया और पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में ले लिया और चालक भी पुलिस हिरासत में है। घायलों में एक की हालत गंभीर है। कोतवाल रफीक अहमद ने बताया कि कब्जे में लिया गया वाहन कब्जे में ले लिया गया है।