बरहज के कपरवार में दो पक्षों में मारपीट के बाद तैनात पुलिस फोर्स।
- फोटो : अमर उजाला
बरहज। सड़क पर नाली सही कराने को लेकर बुधवार को बांसगांव सांसद के गोद लिए कपरवार गांव में दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान चले ईंट-पत्थर में कई लोग लोग घायल हो गए। पथराव की सूचना मिलते ही मौके पर फोर्स के साथ एसडीएम और सीओ भी पहुंच गए और मामले को संभाला। वहीं कुछ देर बाद एसपी राकेश शंकर भी पहुंच गए। गांव में फिर कोई हंगामा या बवाल न हो, इसके लिए कई थानों की पुलिस तैनात कर दी गई।
गांव में जल निगम ने करीब दो माह पहले पेयजल के लिए सड़क किनारे पाइप लाइन बिछवाया था। इससे जगह-जगह सड़कें टूट गई थीं। ठेकेदार सिप्पू सिंह टूटी सड़कों की मरम्मत करा रहे थे। पश्चिम टोला में मरम्मत के साथ नाली सही करा रहे थे। सड़क के दोनों तरफ चांद आलम पुत्र फारुक और सुरेश प्रसाद पुत्र दुबरी का घर है।
नाली को लेकर दोनों परिवारों में कहासुनी और मारपीट होने लगी। ईंट-पत्थर चलने से अफरा-तफरी का माहौल हो गया। इसमें सुरेश 55, पुत्र रमेश 40, अशोक 35 और तीन महिलाएं बिंदू, नीरा, रीता घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। एसडीएम अरुण कुमार सिंह ने बताया कि नाली निर्माण को लेकर विवाद हुआ है। घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है। वहीं गांव में रुद्रपुर, मईल, मदनपुर, भलुअनी आदि थानों की पुलिस मौके पर जमी है।