पुलिस ने चोरी की छह बाइक के साथ सात वाहन लिफ्टर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया
- फोटो : नीलांबुज
सलेमपुर। इलाके में सक्रिय वाहन लिफ्टर गिरोह का पुलिस ने शनिवार को भंडाफोड़ किया। पुलिस ने चोरी की छह बाइक के साथ सात वाहन लिफ्टर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरोह में शामिल चार चोर पुलिस की पहुंच से दूर हैं। नगर में ताबड़तोड़ हो रही बाइक चोरी की घटनाओं से पुलिस की बेचैनी बढ़ गई थी।
वहीं लोग भी अपनी बाइक की सुरक्षा को लेकर चिंतित थे। पुलिस ने संदेह के आधार पर नगर के सलाहाबाद वार्ड से दो किशोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जब दोनों से कड़ाई से पूछताछ की तो सच्चाई सामने आई।
पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की छह बाइक बरामद की और गिरोह में काम करने वाले टीचर्स कालोनी निवासी मोनू मद्धेशिया, ऋषभ मद्धेशिया, इचौना पूर्वी निवासी मृत्युंजय मिश्र, साइमन पाल, पंडित हरैया निवासी सोनू यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में वाहन चोरों ने बनकटा थानाक्षेत्र के कठघरा गांव निवासी बृजेश यादव, बनकटा के विशाल, मिंटू यादव और कोतवाली क्षेत्र के भेड़िया गांव निवासी राहुल के गिरोह में शामिल होने की बात स्वीकार किया। पुलिस ने गिरोह में शामिल सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके निशानदेही पर छह चोरी की बाइक बरामद हुई है, जो नगर के दुकानदार नित्यानंद राय और मड़पही के बीरबल यादव की बताई जा रही है।
प्रभारी कोतवाल अशोक यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए वाहन चोरों को न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट ने न्यायिक अभिरक्षा में उन्हें जेल भेज दिया।