आबकारी और पुलिस टीम ने रविवार को रुद्रपुर और मदनपुर में ओवररेटिंग की शिकायत पर देशी और अंग्रेजी शराबों की दुकानों की जांच की। इस कार्रवाई के दौरान एसडीएम डॉ. राजेश कुमार और सीओ डॉ अजय कुमार सिंह भी मौजूद रहे। मदनपुर में देशी शराब का सेल्स मैन टीम के पहुंचने पर दुकान छोड़ कर गायब हो गया। इस पर यहां ताला लगा दिया गया।
रुद्रपुर बस स्टेशन स्थित मॉडल शॉप की जांच के दौरान आसपास के लोगों ने बताया कि दुकान बंद होने के बाद देर रात तक पीछे से शराब बेची जाती है। इससे अक्सर यहां बवाल होता है। दुकान का स्टॉक रजिस्टर नहीं मिला। जांच के बाद मॉडल शाप के सेल्स मैन को पुलिस हिरासत में लेकर दुकान पर पुलिस ने ताला लगा दिया।
एसडीएम डॉ राजेश कुमार ने कहा कि शराब की दुकानों पर प्रिंट रेट से अधिक मूल्य लेने की लगातार शिकायत मिल रही थी। इन दुकानों पर नकली शराब बेचने की भी शिकायत मिली है। शराब के दुकानों की गहनता से जांच कर खामियों की रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी।