नोएडा से लूटी गई कार के साथ पकड़ा गए लुटेरे ने पुलिस के सामने कई राज खोले हैं। पुलिस नोएडा और गाजियाबाद से कार लूटने के बाद पूर्वांचल में लाकर बेचने वाले गिरोह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपी को पुलिस ने मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
नोएडा के कासना थाना क्षेत्र से पांच माह पूर्व सुंदरभाटी की कार बदमाशों ने असलहा के बल पर लूट लिया था। लूटी गई कार को कोतवाली पुलिस ने सोमवार को नगर के हरैया वार्ड निवासी राजू सिंह के मोटर गैरेज से बरामद कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपी ने पुलिस को पहले गुमराह किया। लेकिन पुलिस ने कड़ा रूख अपनाया तो उसने कई अहम जानकारियां दी।
आरोपी ने गाजियाबाद और नोएडा के कई युवकों का नाम बताए हैं जो वहां के मोर्टस पार्टस के दुकानों पर काम करते हैं और चार पहिया वाहन लूटते हैं। लूटे गए वाहनों का फर्जी कागजात बनवाकर पूर्वांचल के कई शहरों में लाकर कम दामों में बेचते हैं। आरोपी जो भी नाम बताया है। वे लोग गाजियाबाद जिले के रहने वाले हैं। वहां की पुलिस के सहयोग से कोतवाली पुलिस लुटेरों के गिरोह तक पहुंचने में जुटी है। पुलिस की मानें तो कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीर नगर जिले में इस गिरोह ने लूट और चोरी के चार पहिया वाहनों को बेचा है। इस बाबत प्रभारी कोतवाल अशोक यादव ने बताया कि गिरफ्तार हुए आरोपी को जेल भेज दिया गया है। आरोपी ने पूछताछ में गाजियाबाद के कुुछ लोगों का नाम बताया है। उन तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।