बिजली पोल चोरी में प्रधान पुत्र पर मुकदमा।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया में लाखों रुपये के बिजली पोल चोरी के मामले में बरहज पुलिस ने प्रधान पुत्र पर चोरी का केस दर्ज किया है। चोरी के पोल के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। केस दर्ज होने के बाद प्रधान पुत्र गांव छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस की पड़ताल में बिजली विभाग भी संदेह भी घेरे में आ गया है। सूत्रों के अनुसार बिजली विभाग की मदद से पिछले कई सालों में करोड़ाें रुपये की चोरी हो चुकी है। एसपी के आदेश के बाद पुलिस नए सिरे से पोल चोरी के मामले की पड़ताल में जुट गई है।
एसपी प्रभाकर चौधरी की सूचना पर रविवार को बरहज और एकौना पुलिस ने बेलडाड़ गांव में दबिश दी। पुलिस ने नहर में छिपा कर रखा गया बिजली विभाग के सरकारी 32 पोल को बरामद किया था। पोल की कीमत करीब पचास लाख रुपये बताई जा रही है। एसओ परमाशंकर यादव की सूचना पर पुलिस ने बेलडाड़ गांव निवासी प्रधान पुत्र विजेन्द्र सिंह उर्फ मुन्ना सिंह के केस दर्ज कर लिया।
जांच में पता चला कि सरकारी पोल चोरी का कारोबार लंबे समय से इलाके में चल रहा है। जिसमें बिजली विभाग के कुछ लोगों की मिली भगत में है। पुलिस बिजली विभाग के अधिकारियों से चोरी के संदर्भ में बातचीत की लेकिन किसी जिम्मेदार ने पुलिस के सामने मुंह नहीं खोला। हालांकि उन्होंने पुलिस को बताया कि बरामद पोल सरकारी काम में प्रयोग होते हैं। एसओ परमाशंकर यादव ने बताया कि मुन्ना सिंह की गिरफ्तारी के बाद बिजली चोरी से जुड़ी सभी जानकारी मिल जाएगी। जांच में बिजली विभाग के अधिकारियों से पूछताछ की गई है।
कुछ दिन पहले एक ठेकेदार ने पोल चोरी होने की शिकायत की थी। जांच में पता चला कि जहां पोल गिराए गए थे। वहां से एक-दो करके पोल गायब हो रहे थे। पूछताछ में बिजली विभाग के लोग दूसरे जगह पर पोल गाड़ने की बात कह रहे थे। ऐसे में बिजली विभाग के लोगों को क्लीनचिट नहीं दिया जा सकता है।