देवरिया। लार कांड में खाकी पर लगे धब्बे को धोने के लिए बुधवार रात पुलिस महकमे में फेरबदल किया गया लेकिन लार के थानेदार अंशुमान यदुवंशी पर कार्रवाई की बजाय एसपी ने उन पर भरोसा जताया। और कार्यक्षेत्र बदलकर एकौना कर दिया गया।
राजनीतिक पकड़ वाले उपनिरीक्षकों की खूब चली। मनचाही पोस्टिंग हासिल करने में कामयाब हो गए। 13 थानेदारों के तबादले को चुनावी समीकरण के रूप में देखा जा रहा है। चुनाव आयोग की नीतियों की जद में आए तय अवधि से अधिक समय से जमे निरीक्षकों को रिलीव नहीं कर नई तैनाती दे दी गई।
लंबे समय से महकमे में तबादले की चर्चा चल रही थी। त्योहार बाद तबादले होने थे। लार कांड की वजह से कुछ दिनों के लिए ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था। अब लार में माहौल धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है, ऐसे में तबादले को अमली जामा पहना दिया गया।
बुधवार को पुलिस लाइंस में तैनात निरीक्षक राजाराम को तरकुलवा, निरीक्षक अनिल पांडेय को तरकुलवा से रुद्रपुर, निरीक्षक रामअवतार यादव को रुद्रपुर से कोतवाली सदर, उपनिरीक्षक मृत्युंज्य पाठक को रामपुर कारखाना से खुखुंदू, अजय ओझा को खामपार से बरहज, राजेंद्र यादव को बरहज से भाटपाररानी, नितीश श्रीवास्तव को खुखुंदू से लार, उपनिरीक्षक परमाशंकर यादव को रामपुर कारखाना भेजा गया।
अंशुमान यदुवंशी को लार से एकौना, एसओ एकौना को रुद्रपुर कोतवाली, विजय नारायण को बनकटा से खामपार, गजेंद्र राय को भाटपाररानी से भलुअनी जबकि भलुअनी के थानेदार जयप्रकाश यादव को बनकटा की कमान सौंपी गई है। सदर के प्रभारी कोतवाल अनिल पांडेय को संबद्ध किया गया है।