हत्या के प्रयास और अपहरण समेत कई गंभीर अपराधों में वांछित बदमाश की गिरफ्तारी करने गई पुलिस टीम पर उसके साथियों ने हमला बोल दिया। दरोगा सहित कई पुलिसकर्मी मारपीट में घायल हो गए। पुलिस के वाहनों में तोड़फोड़ भी हुई। आरोपी को लेकर जब पुलिस जेल चौकी पहुंची तो वहां भी पथराव किया गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे सीओ ने उपद्रवियों की जमकर पिटाई की। पुलिस ने आठ लोगों को पकड़ लिया। इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
हत्या के प्रयास, अपहरण, आर्म्स एक्ट सहित कई अपराधों में वांछित रामनाथ देवरिया निवासी आकाश सिंह पुत्र आनंद सिंह की तलाश में पुलिस कई दिनों से लगी थी। सोमवार की रात 11 बजे के करीब जेल चौकी प्रभारी संतोष सिंह, सीआईयू के अनिल यादव, सर्विलांस प्रभारी बीबी सिंह की टीम रुद्रपुर मोड़, कामना मैरेज हाल के पास पहुंची। सूचना थी कि बदमाश मैरेज हाल के ऊपरी मंजिल पर साथियों के साथ मौजूद है। सूत्रों ने बताया कि तीनों दरोगा फोर्स के साथ ऊपर चढ़ गए और आकाश सिंह को दबोच लिया। यह देख उसके साथी भड़क गए और पुलिस टीम पर हमला बोल दिए। पुलिस के साथ मारपीट करने लगे। आकाश को पकड़कर पुलिसवाले बगल स्थित जेल चौकी ले आए। साथी पीछे हो गए और उसे छुड़ाने में जुट गए। साथियों ने चौकी पर भी पथराव किया। पुलिस की गाड़ियों के शीशे टूट गए। अफरा-तफरी मच गई। आरोपी को छुड़ाने में लामबंदी देखकर पुलिस के होश उड़ गए। थाने में रौब झाड़ने वाली पुलिस चौकी में बेबस होकर फोर्स का इंतजार करने लगी। करीब आधे घंटे तक पथराव होता रहा। सूचना पर सीओ डॉ. अजय कुमार सिंह, कोतवाल विजय सिंह गौर फोर्स के साथ पहुंचे। वांछित को छुड़ाने वाले आठ बदमाश मौके से पकड़ लिए गए। पचास से अधिक आरोपी फरार हो गए।
जेल चौकी प्रभारी संतोष सिंह यादव ने बताया कि वांछित अभियुक्त आकाश सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम कामना मैरेज हाल के पास गई थी। उसे पकड़ भी लिया गया था। अभियुक्त को छुड़ाने के लिए उसके कई साथी सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर से हमला कर वाहन क्षतिग्रस्त कर दिए थे। मौके से आकाश सिंह के अलावा मुंसिफ कॉलोनी निवासी रोशन जायसवाल, नवीन पुत्र ओमप्रकाश प्रसाद, रोहन जायसवाल पुत्र राजेश जायसवाल, रामनाथ देवरिया निवासी अब्दुल अंसारी पुत्र कुर्बान अंसारी, अबूबकर नगर निवासी नीरज गुप्ता, मलकौली निवासी सैफ अली अंसारी पुत्र शहनवाज अंसारी और इंदिरानगर निवासी नासीर को गिरफ्तार किया गया। चौकी प्रभारी की तहरीर पर सभी आठ आरोपियों सहित तीस अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस टीम पर हमला, सरकारी काम में बाधा, बलबा, ईंट से हमला का मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसआई मृत्युंजय पाठक ने बताया कि वांछित आकाश सिंह पर छह केस हैं। गौरीबाजार में हत्या के प्रयास का केस दर्ज है। दो मामले में वह वांछित था। पुलिस ने आठ लोगों को मौके से गिरफ्तार किया। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।