शराब की दुकान में तोड़फोड़ के बाद महिलाओं ने सड़क पर जाम लगाया।
- फोटो : अमर उजाला
रामपुर कारखाना। थानाक्षेत्र के रामपुर धूस गांव में शराब की दुकान खुलने के विरोध में रविवार की सुबह महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। नाराज भीड़ ने दुकान में तोड़फोड़ करने के साथ ही रास्ता जाम कर दिया। पुलिस ने शराब की दुकान हटवाने का आश्वासन देकर किसी तरह से जाम समाप्त कराया। उधर, शहर के पशुराम चौक पर शराब की नई दुकान खोले जाने से नाराज लोगों ने हंगामा करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया।
रामपुर कारखाना के डुमरी स्थित देसी शराब और बीयर की दुकान हटाने का निर्देश विभाग ने दिया था। इसके बाद दुकानदार ने डुमरी-पांडेचक मार्ग स्थित रामपुर धूस में दुकान खोलने के लिए कमरा किराए पर लिया। शनिवार की देर शाम को दुकानदार ने यहां पर समान पहुंचवाया। रविवार की सुबह इसकी सूचना मिलते ही गांव की महिलाएं नाराज हो गई।
सैकड़ों की संख्या में महिला और बच्चे हाथों में डंडा लिए शराब की दुकान पर पहुंचे और तोड़फोड़ शुरू कर दिए। भीड़ की नाराजगी देखकर दुकान का मुनीम भाग खड़ा हुआ। इसके बाद महिलाओं ने डुमरी-पांडेयचक मार्ग को जाम कर दिया। इससे दोनों तरफ आने वाले वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर पहुंचे एएसआई संजय कुमार ने दुकान स्थानांतरित कराने का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।
इस दौरान जानकी, रीमा, सिरजावती, कमली, गीता, विभा, गुजरती, कालिन्दी, अयोध्या, सुरेश, चन्द्रावती आदि मौजूद रहे। वहीं रविवार की शाम छह बजे के करीब शहर के सीसी रोड, हनुमान मंदिर के पास नाराज लोगों ने शराब की नई दुकान को लेकर विरोध जताया और धरने पर बैठ गए। एसडीएम और फोर्स पहुंची और शांत कराया।