ट्रेन में यात्री को नशीली दवा खिलाकर सामान लूटने वाले को आरपीएफ ने पकड़ लिया। उसके पास लूटा गया सारा सामान बरामद हो गया है।
आरपीएफ इंसपेक्टर ने केस दर्ज कर पकड़े गए युवक को जेल भेज दिया है।
बिहार, सिवान के बड़हरिया के सहबाचक के रहने वाले संजय यादव गुजरात में किसी निजी कंपनी में काम करते हैं। 21 जनवरी को वह सेवाग्राम से सिवान का टिकट लेकर राप्ती सागर एक्सप्रेस से गोरखपुर आए।
रात को वह वाराणसी जाने वाली पैसेंजर ट्रेन से वापस आ रहे थे। ट्रेन में ही उन्हें बगल में बैठे युवक ने चाय में नशीली दवा मिलाकर पिला दी।
इससे संजय यादव अर्ध बेहोशी की हालत में आ गए। रात 12.45 बजे देवरिया रेलवे स्टेशन पर युवक सामान लेकर भाग गया।
प्लेटफार्म पर ड्यूटी दे रहे आरपीएफ जवानों ने संजय को ट्रेन से उतारा और अस्पताल पहुंचवाया। सुबह नौ बजे होश में आने पर संजय ने युवक का हुलिया बताया।
हुलिए के आधार पर आरपीएफ भटनी के जवानों ने कसया ढाला के पास से युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मारकंडेय चौहान निवासी बैराटोला, हनुमानगंज, कुशीनगर बताया।
उसके पास से लूटा गया सामान बरामद हो गया। आरपीएफ इंसपेक्टर दिलीप कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही आरपीएफ के जवान सक्रिय हो गए। होश आने पर पीड़ित ने जहरखुरान का हुलिया बताया।
इसके आधार पर उसे पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि हनुमानगंज थाने में भी उसके खिलाफ केस दर्ज है। इसके बारे में पूरी जानकारी एकत्र की जा रही है।
उसके खिलाफ जीआरपी में केस दर्ज कराया गया है।