शहर के न्यू कॉलोनी मोहल्ले में उधार का रुपये मांगने पर एक युवक ने ठेलेवाले की जमकर पिटाई कर दी। ठेलेवाले की शिकायत पर पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। बाद में केस दर्ज कर लिया गया।
बिहार के मधुबनी का रहने वाला राजेश पटेल वर्षों से देवरिया शहर में रहकर न्यू कॉलोनी में ठेला लगाकर बिरयानी आदि बेचता है।
मोहल्ले का रहने वाला एक मनबढ़ युवक उसकी दुकान पर खाने के बाद रुपये उधार लगा देता था। शनिवार को राजेश ने उस युवक से उधार के रुपये मांगे तो वह उग्र हो गया। उसने राजेश की जमकर पिटाई कर दी। राजेश ने मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की। कोतवाली पुलिस ने तत्काल आरोपी युवक को पकड़ लिया। शहर कोतवाल ने एक एसआई को मौके पर जांच के लिए भेजा तो मामला सही निकला। आसपास के लोगों ने बताया कि आरोपी रवि मनबढ़ किस्म का है। वह इसी तरह का कार्य करता रहता है।
ठेला और खोमचा वाले इससे परेशान रहते हैं। इसके आधार पर पुलिस ने उसके खिलाफ मारपीट और धमकी देने का केस दर्ज कर लिया है। शहर कोतवाल अनिल पांडेय का कहना है कि आरोपी युवक ठेलावाले के वहां खाकर रुपये नहीं देता था। उधार के रुपये मांगने पर युवक ने ठेलावाले की पिटाई की है। पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है।