मेहरौनाघाट। दहेज के लिए महिला को जलाकर मारने के आरोप में पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपी फरार हो गए।
लार थानाक्षेत्र के डुमरी मठिया गांव की सिद्घू गोड़ ने बेटी शकुंतला की शादी ठाकुरगौरी गांव निवासी पिंटू के साथ की थी। तीन दिन पूर्व शकुंतला ससुराल में गंभीर रूप से झुलस गई।
उसी दिन-रात को जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसकी जानकारी मायके वालों को हुई तो वह हैरान हो गए। शकुंतला के पिता सिद्घू गोड़ ने पुलिस को तहरीर देकर दहेज के लिए केरोसिन छिड़कर बेटी को जलाकर मारने का आरोप लगाया। आरोप है कि दहेज के लेन-देन को लेकर पूर्व में भी कई बार पंचायत हुई थी। बावजूद इसके पिंटू व उसके घरवाले अपनी आदत से बाज नहीं आ रहे थे।
पुलिस इस मामले में शुक्रवार की देर रात पति पिंटू गोड़ समेत छह लोगों पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। लार के प्रभारी एसओ ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।