देवरिया। दुकान खाली कराने को लेकर जमीन कारोबारी के गुर्गों ने बवाल किया। मामला स्टेशन रोड का है। पीड़ित दुकानदार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर दुकान पर बदमाश पहुंचने की जानकारी दी। इसके बाद पहुंची कोतवाली पुलिस ने मामले को शांत कराया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले गुर्गे फरार हो गए। एसपी ने इन पर कड़ी कार्रवाई की बात कही है।
स्टेशन रोड गीतांजली होटल के बगल में आलोक मिश्र किराए के मकान में दवा की दुकान चलाते हैं। इसी मकान में प्रमोद कुमार सहित कई लोग किराएदार हैं। मकान में कई हिस्सेदार हैं। एक व्यक्ति ने मकान में होने वाले हिस्से का मुहायदा कर दिया है।
आरोप है कि बिना किसी सूचना के कई दिन से शहर के जमीन कारोबारी के गुर्गे असलहा लेकर दुकानदार को धमका रहे थे। चार दिन पहले भी कुछ लोग दुकान में दाखिल हुए और आलोक मिश्र की दुकान में ताला बंद कर चले गए।
इन लोगों ने दुकान तत्काल खाली नहीं करने के एवज में गंभीर परिणाम भुगतने की बात कहीं। गुरुवार को सभी दुकानदार अपनी दुकान में मौजूद थे। इसी बीच कई लोग वहां पहुंचे और दुकानदारों को धमकाने लगे। इससे अफरातफरी मच गई। दुकानदार आलोक मिश्र जान बचाकर किसी तरह भागे और मामले की सूचना पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर मौजूद पुलिसकर्मियों को दी। एसपी के निर्देश पर तत्काल फोर्स मौके पर भेजी गई।
वायरलेस पर सूचना प्रसारित होते ही हथियारों से लैस लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले को शांत करा दिया। दुकानदार आलोक मिश्र ने बताया कि शहर के एक भू माफिया के इशारे पर कुछ लोग काम कर रहे है। मकान में अभी बंटवारा नहीं हुआ है।
कई लोग हिस्सेदार है। चर्चा है कि शहर के कुछ कारोबारी करोड़ों रुपये की कीमत वाली जमीन पर नजर गड़ा रखा है। एक कारोबारी का नाम शहर के गोलीकांड में भी जुड़ चुका है। एसपी प्रभाकर चौधरी ने कहा कि भूमाफियाओं पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी कोतवाल अनिल पांडेय ने बताया कि पुलिस मौके पर गई थी। कुछ लोग जबरदस्ती कर रहे हैं। दोनों पक्षों को सुनने के बाद कार्रवाई की जाएगी।