छेड़खानी को विरोध करने पर मनबढ़ों ने पिता-पुत्र को चाकू मारकर घायल कर दिया।
वारदात रविवार की रात साढ़े सात बजे के करीब तरकुलवा इलाके के बजराटार महुअवा गांव में हुई। पिता-पुत्र को जिला अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। तरकुलवा, बजराटार महुअवा गांव निवासी गोरख (65) रविवार की शाम दरवाजे पर मौजूद थे। घर की युवती शाम को सड़क की तरफ गई थी।
आरोप है कि गांव के मनचलों ने युवती को अकेला पाकर छेड़खानी कर दी। विरोध करने पर आरोपी धमकी देने लगे। पीड़ित युवती घर पहुंची और मामले की जानकारी परिजनों को दी।
गोरख खरवार ने छेड़खानी का विरोध करते हुए आरोपी से पूछताछ शुरू की। इस बीच वह नाराज हो गए। आरोपी युवक ने गोरख को चाकू से गोद दिया।
इससे वह तड़पते हुए जमीन पर गिर गए। बचाव में आए गोरख के बेटे कन्हैया के पेट में भी मनबढ़ों ने चाकू मार दिया। दोनों जमीन पर छटपटाने लगे।
गांव के लोग मौके पर दौड़े और दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। गोरख की हालत नाजुक है। पिता-पुत्र को उपचार के लिए मेडिकल रेफर कर दिया गया।
विवाद की सूचना लोगों ने कंट्रोल रूम को दी। थोड़ी देर बाद तरकुलवा पुलिस गांव में पहुंची और एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। प्रभारी एसओ ने बताया कि पूछताछ चल रही है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।